शिमला के शोघी बॉर्डर पर 6 करोड़ की 1.120 KG हेरोइन संग तस्कर गिरफ्तार: हिमाचल के इतिहास की अब तक की सबसे बड़ी खेप
शिमला। हिमाचल प्रदेश को नशा मुक्त बनाने की दिशा में शिमला पुलिस ने एक ऐतिहासिक सफलता हासिल करते हुए राज्य के इतिहास में संभवतः हेरोइन (चिट्टा) की अब तक की सबसे बड़ी और महंगी खेप बरामद की है। राज्य में सक्रिय अंतरराज्यीय नशा तस्करी सिंडिकेट पर करारा प्रहार करते हुए पुलिस ने 1.120 किलोग्राम अति-दुर्लभ (हाई-ग्रेड) हेरोइन जब्त की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 6 करोड़ रुपये आंकी गई है। इस बड़ी कार्रवाई के दौरान बाहरी राज्य से जुड़े एक मुख्य तस्कर को मौके से रंगे हाथों गिरफ्तार करने में सफलता मिली है।
ASP मेहर पंवर ने बताया कि यह ऐतिहासिक सफलता 03 अगस्त 2026 को शिमला पुलिस की स्पेशल सेल द्वारा चलाए गए एक गुप्त और बेहद सुनियोजित अभियान के दौरान मिली। पुलिस को पुख्ता सूचना मिली थी कि पड़ोसी राज्य से नशे की एक बहुत बड़ी खेप शिमला शहर के लिए लाई जा रही है। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने जिला सीमा शोघी के समीप जाल बिछाया और 22 वर्षीय आरोपी विजय कुमार, निवासी नारायणगढ़ (जिला अंबाला, हरियाणा) को धर दबोचा। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी तारा देवी क्षेत्र में अपने स्थानीय संपर्कों को यह भारी खेप सौंपने की फिराक में था, लेकिन पुलिस की सतर्कता से डिलीवरी होने से ठीक पहले ही पूरे नेटवर्क के मंसूबों पर पानी फिर गया।
उन्होंने कहा कि शिमला पुलिस ने वर्ष 2026 में नशा तस्करी के खिलाफ अपनी रणनीति में व्यापक बदलाव किया है। केवल छोटे-मोटे मामले दर्ज करने के बजाय अब पुलिस का मुख्य ध्यान बड़ी व गुणवत्तापूर्ण बरामदगियों, मुख्य सप्लायरों की गिरफ्तारी, बैकवर्ड-फॉरवर्ड लिंकेज, तकनीकी एवं वित्तीय जांच तथा PITNDPS कानून के तहत कड़े एक्शन पर है। इस नई रणनीति के बहुत ही सकारात्मक परिणाम देखने को मिले हैं और चालू वर्ष में ही पुलिस ने कई बड़े अंतरराज्यीय गिरोहों का भंडाफोड़ किया है।
इसी रणनीति के तहत मार्च 2026 में न्यू शिमला पुलिस ने 1 करोड़ रुपये मूल्य की 562 LSD स्टैम्प जब्त कर केरल के मुख्य सप्लायर समेत 8 आरोपियों के सिंडिकेट को ध्वस्त किया था, जिसमें संलिप्त 4 पुलिसकर्मियों को भी बर्खास्त कर जेल भेजा गया। इसके बाद मार्च में ही ISBT शिमला से 288 ग्राम हेरोइन पकड़ी गई, जबकि अप्रैल में कुमारसैन पुलिस ने 11.5 किलोग्राम अफीम व 12 लाख रुपये नकद बरामद कर तस्करों की 53 लाख रुपये की अवैध संपत्ति जब्त की। मई में पुलिस टीम ने पंजाब में दबिश देकर 309 ग्राम हेरोइन पकड़ी, जून में फिरोजपुर के मुख्य सप्लायर से 131 ग्राम हेरोइन व 27 ग्राम ‘आइस’ जब्त की और जुलाई में शोघी बैरियर से 242 ग्राम हेरोइन बरामद की।
वर्ष 2026 में शिमला पुलिस द्वारा अब तक कुल 4 किलोग्राम से अधिक हेरोइन बरामद की जा चुकी है, जो कि पिछले दो वर्षों में हुई कुल बरामदगी से लगभग चार गुना अधिक है। इसके अलावा पुलिस ने 14 किलोग्राम अफीम, 15 किलोग्राम चरस, 5 किलोग्राम से अधिक पोस्त, 11.6 ग्राम LSD, करीब 60 ग्राम मेथामफेटामाइन (आइस) तथा 10 लाख से अधिक अवैध भांग के पौधों को नष्ट किया है। हाल ही में हुई 1.120 किलोग्राम हेरोइन की यह ऐतिहासिक जब्ती पुलिस की इसी बदली हुई आक्रामक रणनीति का सबसे बड़ा उदाहरण है।
Discover more from The Insight Mirror
Subscribe to get the latest posts sent to your email.