शिमला | नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश सरकार पर युवाओं के साथ धोखा करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि अब सरकार आउटसोर्स आधार पर बिजली मित्र रखने की तैयारी कर रही है। हालांकि सत्ता में आने से पहले कांग्रेस ने पहली कैबिनेट में एक लाख सरकारी नौकरी और पांच लाख रोजगार देने की गारंटी दी गई थी। जयराम ठाकुर के अनुसार सरकार मित्र योजना के नाम पर युवाओं को नाम मात्र का मानदेय देकर उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है, जबकि मुख्यमंत्री के करीबी लोगों को हर तरह की सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं।
उन्होंने सवाल उठाया कि मित्र योजना के तहत मिलने वाले रोजगार 58 साल वाली पेंशनयुक्त पक्की नौकरी क्यों नहीं हैं, जबकि चुनाव से पहले इसी तरह की नौकरियों का वादा किया गया था। जयराम ने आरोप लगाया कि सरकार न तो पक्की भर्तियां कर रही है और न ही युवाओं को सम्मानजनक रोजगार दे रही है। इसके बजाय आउटसोर्स नौकरियों पर जोर दिया जा रहा है। इसमें भी सरकार की मंशा संदिग्ध दिखाई देती है।
उन्होंने कहा कि सरकार के कुछ प्रभावशाली लोगों ने पहले ही नजदीकी लोगों को आउटसोर्स कंपनियां खोलने के निर्देश दिए। इन कंपनियों के माध्यम से नौकरी दिलाने के नाम पर पैसे की वसूली का गिरोह सक्रिय रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि इस गिरोह में शामिल लोग मुख्यमंत्री के बेहद करीबी हैं। उन्हें सरकार का भी संरक्षण मिल रहा है। इसी कारण आउटसोर्स एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। उच्च न्यायालय भी समय-समय पर इन एजेंसियों के इतिहास और नियमों की अनदेखी पर कठोर टिप्पणियां कर रहा है।
Discover more from The Insight Mirror
Subscribe to get the latest posts sent to your email.