ऊना | ऊना में गोलीकांड की घटनाओं में लगातार इजाफा हो रहा है। आए दिन गोलियां चल रही हैं, जिसमें अनमोल जिंदगियां खत्म हो रही हैं। अब गत बुधवार रात रायजादा होटल लालसिंगी में पार्टी करने पहुंचे दो युवा कांग्रेस नेताओं के समर्थकों में हुई झड़प में एक युवा कांग्रेस नेता की हत्या कर दी गई। वहीं दोनों गुटों में हुई झड़प में तेजधार हथियारों से दो युवकों को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। अपराधिक प्रवृति के लोगों को कानून का जरा सा भी खौफ नहीं दिख रहा है। हत्या जैसे संगीन अपराध को करने से भी लोग हिचकिचा नहीं रहे है। ऊना जिला में पिछले तीन साल के आंकड़ों पर नजर दौड़ाएं, तो गोलीकांड के एक दर्जन से अधिक मामले सामने आ चुके हैं, जिसमें 10 लोग अपनी जिंदगी से हाथ धो बैठे हैं। वहीं कई लोग अपाहिज हो चुके हैं, तो कई अस्पतालों में उपचाराधीन हैं। बुधवार रात ऊना मुख्यालय के साथ लगते लालसिंगी स्थित रायजादा होटल में भी गैंगवार देखने को मिली है, जिसमें गोली मारकर एक युवा कांग्रेस नेता आशु पुरी (37) पुत्र सोमनाथ पुरी निवासी संतोषगढ़ की हत्या कर दी गई।
होटल में दोनों कांग्रेस नेताओं के समर्थकों में जबरदस्त झड़प देखने को मिली, जिसमें पहले युवाओं के बीच पहले आपस में गाली-गलोच हुआ और इसके बाद गुरजीत मान के साथ एक युवक परमिंद्र ने आशु पुरी पर गोली दाग दी। उक्त हमले में आशु पुरी की मौका पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इसके बाद आशु पुरी के समर्थकों ने तेजधार हथियारों ने गुरजीत मान व उनके समर्थकों पर हमला बोल दिया, जिसमें परमिंद्र व पुरजिंद्र गंभीर रूप से जख्मी हो गए। अमित यादव, एसपी ऊना ने बताया कि रायजादा होटल में हुई घटना में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आधा दर्जन से अधिक युवाओं को डिटेन किया है।
युवकों के पास देसी कट्टे
ऊना में कई युवा देसी कटटा रखना अपनी शान समझ रहे हैं। पिछले कुछ समय से युवाओं के पास से कई देसी कट्टे बरामद हो चुके हैं। पुलिस ने मामले में कुछ युवकों को गिरफ्तार भी किया है। हाल ही में संतोषगढ़ व टाहलीवाल में तीन युवकों के पास से देसी कट्टे बरामद किए हैं, जिन्होंने बिना किसी वैद्य लाइसेंस के देसी कट्टे रखे हुए थे।
Discover more from The Insight Mirror
Subscribe to get the latest posts sent to your email.