धर्मशाला | पंचायत चुनाव पर चर्चा और प्रश्नकाल को लेकर वीरवार को विधानसभा में खूब हंगामा हुआ। मुख्यमंत्री सुक्खू और नेता विपक्ष जयराम ठाकुर इस मामले पर कई बार आमने-सामने हुए। सरकार ने नियम-67 पर चर्चा जारी रखने की मांग उठाई तो विपक्ष पहले प्रश्नकाल कराने पर अड़ा रहा। दोनों पक्षों में करीब आधा घंटा नोकझोंक चली। संसदीय कार्य मंत्री हर्षवर्धन चौहान और भाजपा विधायक बिक्रम ठाकुर भी हमलावर रहे। इस पर विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने व्यवस्था देते हुए कहा कि सभी प्रश्नों को पढ़ा हुआ माना जाए। इसके बाद स्थगन प्रस्ताव पर चर्चा शुरू हुई।
दूसरे दिन की बैठक के शुरू होने से पहले भाजपा विधायक दल ने विधानसभा परिसर में सरकार के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किया। भाजपा विधायकों ने कट आउट लेकर विधायक क्षेत्र विकास निधि समेत विकास की अन्य योजनाओंं का बजट रोकने के मुद्दे पर सरकार को घेरा। परिसर में यह विरोध प्रदर्शन साढ़े दस बजे किया गया तो इसके बाद 11 बजे जैसे ही दूसरे दिन की कार्यवाही शुरू हुई तो विपक्ष ने सदन के भीतर भी सत्ता पक्ष के खिलाफ आक्रामक रुख दिखाया। विपक्ष ने वीरवार की कार्य सूची के हिसाब से प्रश्नकाल शुरू करने की मांग की। इसका सत्ता पक्ष ने विरोध करते हुए कहा कि जब पंचायत चुनाव पर लाए गए स्थगन प्रस्ताव पर महत्वपूर्ण चर्चा मांगी गई है तो इसे ही जारी रखा जाना चाहिए।
Discover more from The Insight Mirror
Subscribe to get the latest posts sent to your email.