धर्मशाला | भारतीय जनता पार्टी भाजपा की चार दिसंबर को होने वाली महा रैली व विधानसभा घेराव के स्थान को लेकर विवाद खड़ा होने की आशंका है। भाजपा ने अपनी रैली के लिए जोरावर स्टेडियम को निर्धारित किया है और इसमें हजारों लोगों की भीड़ जुटाने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए पार्टी पूरे प्रदेश भर में जोर-शोर से प्रचार कर रही है। हालांकि स्थानीय प्रशासन के रुख से यह स्पष्ट हो रहा है कि रैली स्थल को बदलने की तैयारी चल रही है, जिससे पार्टी और प्रशासन के बीच तकरार पैदा हो सकती है। इस संबंध में एसडीएम धर्मशाला ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि यदि रैली में लोगों की संख्या 5000 से अधिक होती है, तो रैली स्थल को जोरावर स्टेडियम के बजाय पुलिस ग्राउंड में स्थानांतरित कर दिया जाएगा। इस निर्णय का आधार सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन माना जा रहा है। यह ध्यान देने योग्य है कि जिला प्रशासन ने पहले भी पेंशनर्स की विरोध रैली को जोरावर स्टेडियम से पुलिस ग्राउंड में स्थानांतरित कर दिया था।
हालांकि अपना विरोध जताने प्रदेश भर से धर्मशाला पहुंचे पेंशनरों ने पुलिस ग्राउंड से जोरावर स्टेडियम पहुंचकर भी अपना विरोध जताया था। उन्होंने विधानसभा तपोवन सडक़ पर चक्का जाम भी कर दिया था। एक तरफ भाजपा ने अपने प्रचार में रैली स्थल के रूप में जोरावर स्टेडियम का नाम ही प्रमुखता से इस्तेमाल किया है और प्रदेश भर से हजारों कार्यकर्ताओं और समर्थकों को इसी स्थान पर आने के लिए प्रेरित किया है, वहीं दूसरी ओर प्रशासन भीड़ को देखते हुए इसे पुलिस ग्राउंड में बदलने की तैयारी में है। ऐसी स्थिति के बीच अगर अंतिम समय में रैली स्थल बदला जाता हैए तो इससे न केवल भाजपा के प्रचार अभियान पर असर पड़ेगा, बल्कि हजारों की संख्या में आने वाले लोगों के बीच भ्रम और असुविधा की स्थिति भी उत्पन्न हो सकती है। यह स्थिति अब भाजपा के आयोजकों और जिला प्रशासन के बीच संभावित वार्ता और अंतिम निर्णय पर निर्भर करती है।
अंदर-बाहर होगी तकरार
विधानसभा घेराव को अन्य संगठनों की तरह ही अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने भी अपनी मांगों को लेकर विधानसभा घेराव का ऐलान कर दिया है । ऐसे में आने वाले दिनों में अब विधानसभा के अंदर और बाहर सभी जगह तारों की गूंज सुनाई देने वाली है।
ओबीसी वर्ग भी धरना-प्रदर्शन की तैयारी में
भाजपा की रैली से पहले ओबीसी का विरोध प्रदर्शन भी होगा। अपनी मांगों को लेकर ओबीसी समुदाय के लोगों ने भी तीन दिसंबर को विधानसभा घेराव की चेतावनी दी है। इसके लिए विभिन्न स्थानों से ओबीसी समुदाय के लोग बड़ी संख्या में धर्मशाला पहुंचने की तैयारी कर रहे हैं। गौरतलब है कि ओबीसी समुदाय इससे पहले भी दो बड़े आयोजन कर चुका है।
Discover more from The Insight Mirror
Subscribe to get the latest posts sent to your email.