शिमला/कुल्लू | हिमाचल प्रदेश में ठंड ने रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विज्ञान विभाग, मौसम केंद्र शिमला द्वारा जारी ताजा बुलेटिन के अनुसार प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है, जबकि निचले और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के ऊंचे पहाड़ों में बहुत हल्की वर्षा दर्ज की गई। न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं हुआ है, हालांकि अधिकांश स्थानों पर यह सामान्य से तीन से छह डिग्री अधिक रहा। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे तीन से छह डिग्री के बीच दर्ज किया गया, जबकि मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में यह पांच से दस डिग्री और निचले इलाकों में छह से ग्यारह डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। अधिकतम तापमान की बात करें तो ऊंचे पहाड़ों में इसमें दो से तीन डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। निचले इलाकों में तापमान सामान्य से दो से चार डिग्री कम रहा। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान कुकुमसेरी में दर्ज किया गया, जबकि सबसे अधिक न्यूनतम तापमान सोलन में रिकॉर्ड हुआ।
मौसम विभाग के अनुसार बिलासपुर में बहुत घना कोहरा और मंडी जिले की बल्ह घाटी में हल्का से घना कोहरा छाया रहा। ताबो में तेज हवाएं चलीं, जिनकी रफ्तार करीब 59 किलोमीटर प्रति घंटा रही। मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है और 27 दिसंबर से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है। इसके चलते 22 और 28 दिसंबर को ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। आने वाले सात दिनों में निचले और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रहेगा, जबकि कोहरे के कारण वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और ताजा मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखने की अपील की है।
प्रदेश में यह था अधिकतम तापमान
प्रदेश में सबसे अधिक तापमान बजौरा में 25.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सोलन में 25.0, हमीरपुर में 24.2, सुंदरनगर व मंडी में 24.0 और धर्मशाला में 24.0 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। राजधानी शिमला में अधिकतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कुकुमसेरी में 9.4, ताबो में 9.8 और कुफरी में 13.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ।
Discover more from The Insight Mirror
Subscribe to get the latest posts sent to your email.