Spread the love

रचनात्मक शिक्षा से युवाओं का सर्वांगीण विकास संभव – विक्रमादित्य सिंह

ललित कला महाविद्यालय के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में शामिल हुए लोक निर्माण मंत्री

शिमला। प्रदेश सरकार के लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह आज शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत जवाहरलाल नेहरू ललित कला राजकीय महाविद्यालय, लौहारब में आयोजित वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने वर्षभर विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया।
समारोह को संबोधित करते हुए विक्रमादित्य सिंह ने महाविद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों तथा विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह का सपना था कि लौहारब में ललित कला महाविद्यालय स्थापित हो। इसी उद्देश्य से वर्ष 2016 में इस संस्थान की आधारशिला रखी गई। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने वर्ष 2024 में महाविद्यालय का लोकार्पण किया, जिसके बाद से यह संस्थान निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है।
उन्होंने कहा कि ललित कला केवल कला का माध्यम नहीं, बल्कि रचनात्मकता, सौंदर्य बोध और मानवीय संवेदनाओं की अभिव्यक्ति का सशक्त मंच है। चित्रकला, मूर्तिकला, संगीत एवं अन्य कलाओं के माध्यम से विद्यार्थियों की सृजनात्मक क्षमता का विकास होता है और उनका व्यक्तित्व निखरता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए प्रेरित करते हैं।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं रोजगारोन्मुख शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से प्रदेश के सभी 30 राजकीय महाविद्यालयों में कौशल विकास से संबंधित विभिन्न ट्रेड प्रारम्भ किए गए हैं, जिन्हें विद्यार्थियों का उत्साहजनक प्रतिसाद मिल रहा है। साथ ही चरणबद्ध ढंग से महाविद्यालयों में डिजिटल लाइब्रेरी विकसित की जा रही हैं, ताकि विद्यार्थियों को आधुनिक अध्ययन सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

छात्राओं की सुरक्षा एवं बस सुविधा सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
उन्होंने कहा कि जवाहरलाल नेहरू ललित कला राजकीय महाविद्यालय को प्रदेश के उत्कृष्ट शिक्षण संस्थानों में स्थापित करने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने महाविद्यालय प्रशासन को विशेष रूप से छात्राओं की सुरक्षा, सुविधा एवं आवागमन के लिए बस सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

महाविद्यालय परिसर तक सड़क का कार्य बरसात के बाद होगा आरम्भ
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि महाविद्यालय परिसर तक सड़क की टायरिंग एवं मेटलिंग का कार्य बरसात समाप्त होते ही आरम्भ कर दिया जाएगा, जिसके लिए आवश्यक बजट का प्रावधान पहले ही किया जा चुका है।

नशामुक्त जीवन अपनाने का किया आह्वान, महाविद्यालय को 51 हजार रुपये देने की घोषणा
उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहकर शिक्षा एवं व्यक्तित्व विकास पर ध्यान केंद्रित करने का आह्वान किया तथा कहा कि शिक्षक और अभिभावकों के मार्गदर्शन से ही युवा अपने जीवन में सफलता प्राप्त कर सकते हैं।
कार्यक्रम के सफल आयोजन की सराहना करते हुए उन्होंने महाविद्यालय प्रबंधन को 51 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान करने की घोषणा भी की।

इससे पूर्व महाविद्यालय की प्रधानाचार्य कामायनी बिष्ट ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए संस्थान की वार्षिक उपलब्धियों एवं गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिनकी मुख्य अतिथि ने सराहना की।

नयासेर खड्ड पर निर्माणाधीन पुल एवं सड़क कार्य का किया निरीक्षण
कार्यक्रम के उपरांत लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री ने नयासेर खड्ड पर लगभग 2.75 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन नयोहठ-नयासेर से देवीधार को जोड़ने वाले पुल का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि यह पुल क्षेत्र की लंबे समय से लंबित मांग को पूरा करेगा तथा स्थानीय लोगों की आवाजाही को सुगम बनाएगा। उन्होंने बताया कि नयोहठ-नयासेर-देवीधार सड़क के निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण पर लगभग 14 करोड़ रुपये व्यय किए जा रहे हैं। सड़क निर्माण कार्य प्रगति पर है तथा इसे निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई मांगों को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। साथ ही, विधानसभा क्षेत्र में जनप्रतिनिधियों के प्रस्तावों के आधार पर आवश्यकतानुसार नए बस रूट भी स्वीकृत किए जाएंगे।

यह रहे उपस्थित
इस अवसर पर शिक्षा विभाग की निदेशक डॉ. श्वेता सिंह, जिला परिषद प्रधानाचार्य अनीता शर्मा, बीडीसी अध्यक्ष जीत सिंह, बीडीसी सदस्य प्रेमलता, ब्लॉक कांग्रेस टूटीकंडी/टूटू अध्यक्ष देवेंद्र ठाकुर, बनूटी जोन अध्यक्ष ललित, ग्राम पंचायत जनोल की प्रधान मधु देवी, ग्राम पंचायत दुधालटी के प्रधान पवन कुमार, पीटीए अध्यक्ष उमेश शर्मा, स्टूडेंट्स एसोसिएशन की अध्यक्ष कामाक्षी शर्मा, अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण दीपक राज, अधिशासी अभियंता राजेश अग्रवाल, विभिन्न विभागों के अधिकारी, अध्यापक, अभिभावक, पंचायत प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

-0-


Discover more from The Insight Mirror

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Discover more from The Insight Mirror

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading