शिमला, 21 अगस्त। वरिष्ठ नागरिकों के ज्ञान, अनुभव और योगदान के सम्मान में संचार मंत्रालय के दूरसंचार विभाग के अंतर्गत कार्यालय नियंत्रक संचार लेखा, हिमाचल प्रदेश, शिमला की ओर से शुक्रवार को राष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस-2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभाग के पेंशनभोगियों एवं पारिवारिक पेंशनभोगियों सहित 89 पेंशनभोगियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान पेंशनभोगियों के सम्मान के साथ-साथ उनके स्वास्थ्य, डिजिटल सुरक्षा और कल्याण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। डीडीयू जोनल अस्पताल के सौजन्य से निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया, जिसमें सामान्य स्वास्थ्य जांच के अलावा आंखों, दांतों, फेफड़ों तथा ईसीजी जैसी जांच की सुविधा उपलब्ध करवाई गई।
वरिष्ठ नागरिकों को वर्तमान समय में बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के लिए साइबर सिक्योरिटी, ऑनलाइन फ्रॉड और डिजिटल अरेस्ट जैसे मामलों पर भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के अधिकारियों ने जागरूकता सत्र आयोजित किया। पेंशनभोगियों को साइबर ठगी से बचने के उपायों, संदिग्ध कॉल और संदेशों से सावधान रहने तथा डिजिटल लेन-देन में सतर्कता बरतने की जानकारी दी गई।
आयुष चिकित्सकों ने वरिष्ठ नागरिकों के बेहतर स्वास्थ्य और कल्याण के लिए आयुर्वेदिक आहार, योग तथा स्वस्थ वृद्धावस्था से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। इसके अलावा डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र स्वयं बनाने और SAMPANN ऐप के उपयोग को लेकर भी पेंशनभोगियों को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के अंत में पेंशनभोगियों ने कार्यालय द्वारा आयोजित इन गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन वरिष्ठ नागरिकों को सम्मान देने के साथ-साथ उन्हें स्वास्थ्य, डिजिटल तकनीक और साइबर सुरक्षा जैसे समकालीन विषयों के प्रति जागरूक बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। पेंशनभोगियों ने इस पहल के लिए विभाग का आभार व्यक्त किया।
Discover more from The Insight Mirror
Subscribe to get the latest posts sent to your email.