हिमाचल में दिवाली से लॉटरी शुरू करने पर बवाल, जयराम ठाकुर ने सरकार पर साधा निशाना।
शिमला।हिमाचल प्रदेश में दिवाली से लॉटरी शुरू करने के सरकार के फैसले को लेकर सियासत गरमा गई है। सरकार के इस फैसले पर विपक्षी भाजपा ने कड़ा विरोध जताया है। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए लॉटरी का फैसला तुरंत वापस लेने की मांग की है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में लॉटरी के कारण पहले कई परिवार बर्बाद हो चुके हैं। उन्होंने दावा किया कि लॉटरी की लत के चलते कई लोगों ने अपनी जमीन और संपत्ति तक बेच दी थी। इसी वजह से भाजपा सरकार के कार्यकाल में लॉटरी को बंद किया गया था।
जयराम ठाकुर ने लॉटरी की तुलना नशे से करते हुए कहा कि जिस तरह नशे की लत इंसान और उसके परिवार को बर्बाद कर देती है, उसी तरह लॉटरी की आदत भी व्यक्ति को आर्थिक संकट में धकेल सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार आर्थिक स्थिति सुधारने के नाम पर लॉटरी शुरू कर रही है, जबकि असल उद्देश्य सरकार का अपना आर्थिक हित साधना है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि सरकार को प्रदेश के युवाओं के भविष्य और परिवारों की चिंता करनी चाहिए, न कि ऐसी व्यवस्था शुरू करनी चाहिए जिससे लोगों में जुए की प्रवृत्ति बढ़े। उन्होंने यह भी दावा किया कि जिस कंपनी को लॉटरी का टेंडर दिया गया है, वह आने वाले समय में जांच का विषय बन सकती है।
गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश में पहले लॉटरी पर प्रतिबंध था और भाजपा सरकार के समय इसे बंद किया गया था। अब कांग्रेस सरकार ने नई व्यवस्था के तहत दिवाली के आसपास लॉटरी शुरू करने की तैयारी की है। सरकार का तर्क है कि इससे प्रदेश की आय बढ़ेगी, लेकिन विपक्ष इसे युवाओं और आम जनता के हितों के खिलाफ बता रहा है।
बाइट — जयराम ठाकुर, नेता प्रतिपक्ष
Discover more from The Insight Mirror
Subscribe to get the latest posts sent to your email.