शिमला में धूमधाम से मनाया जा रहा श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर्व, गंज मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब
शिमला। राजधानी शिमला में श्री कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व धार्मिक आस्था और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। शहर के प्राचीन एवं प्रसिद्ध गंज मंदिर में भगवान श्री कृष्ण के दर्शन और चरणों में शीश नवाने के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी हुई हैं। दूर-दूर से पहुंचे भक्त भगवान कृष्ण के दर्शन कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना कर रहे हैं।
जन्माष्टमी के अवसर पर गंज मंदिर को विशेष रूप से सजाया गया है। मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन का दौर लगातार जारी है। भगवान श्री कृष्ण के भजनों और जयकारों से पूरा वातावरण कृष्णमयी हो गया है। श्रद्धालु भक्ति में लीन होकर भगवान कृष्ण की आराधना कर रहे हैं। मंदिर में सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भी विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।
गंज मंदिर के प्रचार मंत्री सुमन पाल दत्ता ने बताया कि मंदिर में जन्माष्टमी उत्सव को लेकर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि 19 सितंबर को जन्माष्टमी उत्सव का विधिवत समापन होगा। इस दौरान धार्मिक कार्यक्रमों के साथ श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न आयोजन किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि मंदिर की ओर से साल भर आयोजित किए जाने वाले धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों का लेखा-जोखा भी आज भक्तों के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। इससे श्रद्धालुओं को मंदिर की गतिविधियों और वर्षभर किए जाने वाले आयोजनों की जानकारी मिलेगी।
जन्माष्टमी के मुख्य अवसर पर रात 12 बजे भगवान श्री कृष्ण का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। इस दौरान मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना, आरती और भजन-कीर्तन का आयोजन होगा। मध्यरात्रि में भगवान कृष्ण के जन्म के साथ ही मंदिर परिसर जय श्री कृष्ण के जयकारों से गूंज उठेगा। श्रद्धालुओं में जन्मोत्सव को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
Discover more from The Insight Mirror
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
