बिलासपुर: पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर बिलासपुर के बरमाणा में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत आयोजित कार्यशाला में शामिल हुए। कार्यशाला में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में देश ने बीते 12 वर्षों में सेवा, सुशासन और विकास के क्षेत्र में जो अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं, उन पर विस्तार से चर्चा की गई।
जयराम ठाकुर ने देश की पिछले 12 वर्षों की विकास यात्रा की उपलब्धियां बताते हुए कहा कि इन वर्षों में 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले हैं और भारत ‘फ्रैजाइल फाइव’ से निकलकर दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में सबसे तेज़ी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था बना है। रक्षा उत्पादन में करीब चार गुना, खादी एवं ग्रामोद्योग में करीब पांच गुना, इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण में करीब सात गुना, आधुनिक रेलवे कोचों के उत्पादन में 21 गुना और मोबाइल फोन उत्पादन में 35 गुना वृद्धि हुई है। इंटरनेट उपयोगकर्ताओं की संख्या करीब चार गुना, पेटेंट मिलने की संख्या चार गुना और डिजिटल लेन-देन में 100 गुना वृद्धि हुई है। इसी अवधि में हर घर नल से जल पहुंचाने की गति पहले की तुलना में 15 गुना, गैस कनेक्शन देने की गति छह गुना, गरीबों के लिए शौचालय निर्माण की गति चार गुना और गरीबों को आवास उपलब्ध कराने की गति तीन गुना हुई है। सरकार ने हजारों अनुपालनों को समाप्त किया और सैकड़ों पुराने कानूनों को खत्म कर शासन को सरल बनाया। आधुनिक बुनियादी ढांचे के विस्तार के साथ मेट्रो नेटवर्क और सार्वजनिक परिवहन को भी व्यापक बनाया गया है।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में विकास की परिभाषा बदली है। आज विकास का केंद्र केवल बड़े प्रोजेक्ट नहीं, बल्कि आम नागरिक का जीवन आसान बनाना, उसे बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना और उसके सम्मान व सुरक्षा को सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि जनधन योजना के माध्यम से करोड़ों लोगों को औपचारिक बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ा गया। उज्ज्वला योजना ने मातृशक्ति को धुएं से मुक्ति दिलाकर उनके जीवन को आसान बनाया, आयुष्मान भारत ने गरीब और जरूरतमंद परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान की तथा प्रधानमंत्री आवास योजना ने करोड़ों परिवारों को सम्मानजनक आवास का सपना साकार करने में मदद की। डिजिटल इंडिया के माध्यम से सरकारी सेवाओं की पहुंच आम नागरिक तक आसान हुई है। वहीं सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी के विस्तार ने देश के विकास को नई गति देने के साथ रोजगार और अवसरों के नए द्वार खोले हैं।
जयराम ठाकुर ने कहा कि आज भारत आत्मविश्वास से भरा हुआ है। धरती से अंतरिक्ष तक और गांवों से लेकर वैश्विक मंच तक भारत अपनी क्षमता, सामर्थ्य और नेतृत्व का लगातार परिचय दे रहा है। भारत अब चुनौतियों से घबराने वाला नहीं, बल्कि उन्हें अवसरों में बदलकर नए कीर्तिमान स्थापित करने वाला राष्ट्र बन चुका है। उन्होंने कहा कि ‘विकसित भारत’ का संकल्प केवल सरकार का लक्ष्य नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों का सामूहिक संकल्प है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में देश सेवा, सुशासन और विकास के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ रहा है।
इस अवसर पर प्रदेश बिलासपुर प्रभारी रश्मिधर सूद, जिला अध्यक्ष किशन चंदेल, नयनादेवी के विधायक रणधीर शर्मा, झंडूता के विधायक जे.आर. कटवाल, बिलासपुर सदर के विधायक श्री त्रिलोक जामवाल, जिला परिषद अध्यक्ष लेखराम, पूर्व मंत्री श्री राजेंद्र गर्ग सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Discover more from The Insight Mirror
Subscribe to get the latest posts sent to your email.