Spread the love

बिलासपुर । जिला बिलासपुर के अंतर्गत झंडूता विधानसभा क्षेत्र के तहत बरठीं में भल्लू पुल के समीप मरोतन से घुमारवीं रूट पर जा रही निजी बस लैंड स्लाइड की चपेट में आई। इस घटना में 17 लोगों की मौत हो गई, वहीं तीन घायल हुए हैं। मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए स्थानीय स्वास्थ्य संस्थान भेजा गया है। मामले को लेकर आगामी कार्रवाई की जा रही है। जानकारी के अनुसार निजी बस अपने शाहतलाई से घुमारवीं निर्धारित रूट पर जा रही थी। इस दौरान बस लैंड स्लाइड की चपेट में आ गई। बस पर पूरा पहाड़ ही गिर गया। बताया जा रहा है कि बस दबने का पता भी लंबे समय बाद चल पाया। जैसे ही इस बात का पता चला, प्रशासन की ओर से तुरंत कार्रवाई करते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। तुरंत ही मलबा हटाने का कार्य शुरू किया गया। वहीं, इस दौरान तुरंत प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। झंडूता विधायक जेआर कटवाल भी मौके पर थे। बताया जा रहा है कि स्थानीय लोग शाम के समय घूमने निकले हुए थे। इन लोगों की नजर इस बस पर पड़ी। वहीं, देखते ही देखते अन्य वाहनों का भी जमावड़ा लगना शुरू हो गया।

इससे स्थानीय लोगों ने अन्य लोगों को भी सूचना दी गई और स्थानीय लोगों ने भी रेस्क्यू में सहयोग किया। बताया जा रहा है कि बस पूरी तरह से मिट्टी से दब चुकी थी। कड़ी मशक्कत के बाद लोगों को बाहर निकाला गया। वहीं, अधिकतर यात्रियों की बस में ही मौत हो गई थी। प्रशासन और स्थानीय लोगों की मुस्तैदी से दो बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालने में सफलता मिल पाई। देर रात राहत व बचाव कार्य जारी रहा। उधर, विधायक जेआर कटवाल ने भी इस घटना पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि वह पीडि़त परिवारों के साथ हैं। खबर लिखे जाने तक 13 मृतकों की पहचान हो गई थी, जिनमें साहिब खान (25) गांव मलांगन, राजनीश कुमार (36) बर्ड, चुन्नी लाल (52) बरड़, नरेन्द्र (52) छत, कृष्ण लाल (30) थापना, नक्ष (7) फगोग, सोनू (40) कच्यूट, बक्शी राम (42) भल्लू, प्रवीण कुमार (40) डोहब, अंजना देवी फगोग, कांता देवी स्योथा, विमला देवी स्योथा और कमलेश गांव फगोग शामिल हैं। जिंदा बचे दोनों बच्चे भाई-बहन बताए जा रहे हैं और एम्स बिलासपुर रेफर किए गए हैं।

पीएम मोदी ने जताया शोक, मृतकों के परिजनों दो-दो लाख, घायलों को 50-50 हजार की राहत का ऐलान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिलासपुर बस हादसे पर दुख जताया है। इसके साथ उन्होंने पीएम राहत कोष से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख और घायलों को 50 हजार की राहत का ऐलान किया है। उधर, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने भी हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है।

घायलों का पूरा खर्च उठाएगी सरकार

शिमला। बिलासपुर जिला के झंडूता उपमंडल के बालूघाट क्षेत्र में भूस्खलन की चपेट में आने से एक निजी बस के दुर्घटनाग्रस्त होने की दुखद घटना पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ पूरी मज़बूती से खड़ी है और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हादसे के घायलों, विशेषकर बच्चों के उपचार का पूरा खर्च सरकार वहन करेगी। उन्होंने प्रशासन को सुनिश्चित करने को कहा है कि घायलों के इलाज की पूरी व्यवस्था हो।


Discover more from The Insight Mirror

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Discover more from The Insight Mirror

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading