Spread the love

शिमला ।  जिला शिमला के ठियोग की शिलारू फल मंडी के कारोबारी से सेब खरीद के नाम 1.70 करोड़ की ठगी का मामला सामने आया है। मामले की शिकायत पीडि़त सेब कारोबारी ने पुलिस के पास दर्ज करवाई है। वहीं, पुलिस ने पीडि़त कारोबारी की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस थाना कुमारसैन के तहत पुलिस ने उत्तर प्रदेश के एक व्यापारी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। शिकायतकर्ता दलीप सिंह पुत्र स्वर्गीय प्यारेलाल निवासी गांव धर, डाकघर भलावाग, तहसील कुमारसैन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका शिलारू फल मंडी में सेब का थोक कारोबार है। इस साल उन्होंने और चार अन्य आढ़तियों ने मिलकर यूपी के आजमगढ़ जिला के नई मेहनगर निवासी व्यापारी इंदरदेव तिवारी को 28182 सेब के बॉक्स बेचे थे।

इनकी कीमत 35517396 रुपए थी, जिसमें से आरोपी ने 18483081 रुपए का भुगतान किया, जबकि 17034315 रुपए अब तक नहीं दिए। शिकायतकर्ता ने बताया कि तीन सितंबर को इंदरदेव तिवारी बिना किसी सूचना के मंडी से गायब हो गया और उसके बाद से संपर्क नहीं हुआ। इस पर आढ़तियों को ठगी का संदेह हुआ। मामले की जांच पुलिस पोस्ट नारकंडा के एचसी सुनील कुमार को सौंपी गई है। गौर हो कि दो दिन पहले भी शिलारू फल मंडी से इसी तरह का एक और मामला सामने आया था, जिसमें तीन आढ़तियों ने बंगलुरु कर्नाटक के एक व्यापारी पर तीन करोड़ रुपए से अधिक का सेब मूल्य न चुकाने का आरोप लगाया था। उस मामले में भी आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है। लगातार सामने आ रहे इन मामलों से सेब आढ़तियों में रोष और चिंता है। आढ़तियों ने पुलिस और प्रशासन से मांग की है कि बाहरी राज्यों से आने वाले सेब खरीदारों की सख्त जांच की जाए, ताकि मेहनतकश बागबानों और आढ़तियों की कमाई ठगों के हाथ न लगे।


Discover more from The Insight Mirror

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Discover more from The Insight Mirror

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading