Spread the love

शिमला | हिमाचल के वित्तीय मसले लेकर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू दिल्ली पहुंच गए हैं। अर्की विधानसभा क्षेत्र के दौरे के बाद सीएम मंगलवार शाम दिल्ली के लिए रवाना हुए। अब बुधवार को वह केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण समेत अन्य मंत्रियों से मुलाकात करेंगे। निर्मला सीतारमण से मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री जीएसटी के लागू होने से राज्य को हो रहे नुकसान से लेकर प्राकृतिक आपदा की क्षति के बारे में जानकारी देंगे। राज्य को इस साल राजस्व घाटा अनुदान भी सबसे कम मिल रहा है, इसलिए इन तर्कों के आधार पर राज्य की लोन लिमिट को बढ़ाने की मांग मुख्यमंत्री कर सकते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हिमाचल दौरे के दौरान आपदा की भरपाई के तौर पर 1500 करोड़ के राहत पैकेज की घोषणा कर चुके हैं, लेकिन अब तक यह पैसा नहीं मिला है। दिल्ली दौरे के दौरान मुख्यमंत्री इस बारे में भी बात करेंगे। हिमाचल वापसी के बाद मुख्यमंत्री मंडी जिला के दौरे पर जा रहे हैं। जहां इस बरसात में हुए नुकसान की भरपाई के लिए राहत पैकेज की घोषणा की जाएगी।

इस घोषणा से पहले प्रधानमंत्री के पैकेज पर स्थिति साफ करने के लिए दिल्ली में बातचीत हो रही है। इस दौरे के दौरान मुख्यमंत्री 16वें वित्त आयोग के अध्यक्ष से भी एक बार फिर मुलाकात कर सकते हैं। वह इससे पहले करीब चार बार डा. अरविंद पनगढिय़ा से मिल चुके हैं। इसी साल नवंबर या दिसंबर में 16वें वित्त आयोग की रिपोर्ट आने वाली है, जिसमें अगले पांच साल के लिए केंद्रीय करों में हिस्सेदारी के तौर पर राज्य का कोटा तय होगा। राज्य सरकार अगले पांच साल के लिए राजस्व घाटा अनुदान में भी वृद्धि करवाना चाहती है, इसलिए वित्त आयोग में होने वाली यह मुलाकात भी महत्त्वपूर्ण है।

बिहार भी जाएंगे सुक्खू

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्कू को कांग्रेस पार्टी ने बिहार विधानसभा चुनाव के लिए स्टार प्रचारकों की लिस्ट में शामिल किया है, इसीलिए वह चुनाव प्रचार के लिए बिहार भी जाएंगे। नई बात यह है कि स्टार प्रचारक को में 40 नेताओं की लिस्ट शामिल है, जिसमें राष्ट्रीय स्तर पर सुखविंदर सिंह सुक्खू छठे नंबर पर हैं। इस सूची में उनसे पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े सोनिया गांधी राहुल गांधी केसी वेणुगोपाल और प्रियंका गांधी हैं। उनका यह बिहार दौरा अभी दिल्ली दौरे के साथ होगा या बाद में, अभी इसका प्रोग्राम जारी नहीं हुआ है।


Discover more from The Insight Mirror

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Discover more from The Insight Mirror

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading