बद्दी | चुराह के विधायक डा. हंसराज ने बद्दी में युवती के लाइफस्टाल पर टिप्पणी से जुड़े विवाद पर बुधवार को फेसबुक लाइव के माध्यम से माफी मांग ली है। विधायक ने कहा कि इस टिप्पणी का गलत अर्थ निकाला गया। उन्होंने फेसबुक पर जारी वीडियो संदेश में पूरे हिमाचल से माफी मांगते हुए कहा कि उनकी मंशा किसी की भावनाएं आहत करने की नहीं थी। विधायक हंसराज ने कहा कि यह टिप्पणी किसी वर्ग या समुदाय को नहीं बल्कि उस व्यक्ति को लेकर बात कही थी, जिसने चुराह पर लांछन लगाए थे। उन्होंने स्पष्ट किया कि राजनीति में कई बार षड्यंत्र होते हैं। यह मामला भी ऐसा ही है। मेरी जवाबदेही केवल चुनाव तक सीमित नहीं है। हिमाचल ने हमें बहुत कुछ दिया है और पूरे प्रदेश की उम्मीदें हमारे साथ जुड़ी हैं।
ऐसे में यदि मेरी किसी बात से किसी को ठेस पहुंची है, तो मैं सच्चे मन से क्षमा चाहता हूं। यह सिर्फ और सिर्फ चुराह के सशक्त नेतृत्व को कमजोर करने की साजिश है, जिसे कुछ तथाकथित लोग रच रहे हैं। हंसराज ने कहा कि नेता और जनता के बीच संबंध केवल चुनाव तक सीमित नहीं होता बल्कि यह सामाजिक अनुबंध और जवाबदेही का रिश्ता है। इस पूरे विवाद के बाद अब विधायक के माफी मांगने से राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई है।
एसआईटी करे जांच
चंबा। चुराह के कांग्रेस नेता यशवंत खन्ना ने मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष से एसआईटी गठित कर इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच करवाने की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि यह मामला बेहद गंभीर है। हर बार ऐसे घिनौने मामलों में आरोप विधायक पर ही क्यों लगते हैं? जब तक पारदर्शी जांच नहीं होगी तब तक सच सामने नहीं आ सकेगा।
बेटी से डरा धमका कर बदलवाया बयान
चंबा। पीडि़त युवती के पिता ने विधायक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पिता का आरोप है कि उनकी बेटी को डरा- धमकाकर बयान बदलवाया गया था। पहले मोबाइल छीना गया, बाद में विधायक ने ही फोन दिए थे। इसी फोन पर अशोभनीय बातें कर धमकियां दी जाती थीं। पिछले वर्ष जब मेरी बेटी ने तीसा अदालत में जो बयान दिया था वह बिलकुल सही था। मगर इसके बाद मेरी बेटी और मुझे किडनैप करके गाड़ी में बिठाकर शिमला ले जाया गया, जहां हमें धमकाया गया कि अगर बयान नहीं बदला गया तो घर को आग लगा दी जाएगी। मजबूरी में मेरी बेटी ने बयान बदला। पिता ने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है।
Discover more from The Insight Mirror
Subscribe to get the latest posts sent to your email.