शिमला /कुल्लू | हिमाचल प्रदेश में लगातार ठंड बढ़ती जा रही है। बीते 24 घंटों की बात करें तो प्रदेश भर में मौसम शुष्क बना रहा, लेकिन न्यूनतम तापमान में गिरावट जारी है। मौसम विभाग शिमला द्वारा जारी बुलेटिन के अनुसार कुकुमसरी में तापमान -3.0 डिग्री तक लुढक़ गया, जो गुरुवार का सबसे न्यूनतम तापमान रहा। वहीं पौंटा साहिब में 28.0 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे ज्यादा रहा। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बीते 24 घंटों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 2-4 डिग्री कम रिकॉर्ड हुआ। कई स्थानों पर तापमान 3 डिग्री से 13 डिग्री के बीच दर्ज किया गया। वहीं अधिकतम तापमान में भी मामूली गिरावट देखी गई।
मौसम विभाग के अनुसार लाहौल-स्पीति, किन्नौर और किन्नौर के उच्च क्षेत्रों में तापमान सामान्य से नीचे रहा, जबकि अन्य जिलों में तापमान सामान्य के आसपास बना रहा। शिमला में गुरुवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। सुंदरनगर में घना कोहरा और बिलासपुर में मध्यम कोहरा दर्ज हुआ। राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में बारिश, बर्फबारी, ओलावृष्टि या तेज हवाओं जैसी कोई गतिविधि नहीं हुई। हवाएं केवल रिकांगपिओ क्षेत्र में 50 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चलीं। मौसम विभाग ने साफ किया है कि प्रदेश में अगले सात दिनों तक पूरी तरह शुष्क मौसम बना रहेगा। 20 से 26 नवंबर तक किसी भी तरह की मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है। निम्न, मध्यम और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में भी आने वाले दिनों में बारिश की कोई संभावना नहीं है। दिन में धूप और रात में ठंड का प्रभाव और बढ़ेगा।
जिला स्तर के पूर्वानुमान में भी सभी 12 जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन, सिरमौर, किन्नौर और लाहौल-स्पीति में 26 नवंबर तक किसी तरह की चेतावनी नहीं है। मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि सुबह-शाम ठंड के कारण विशेष सावधानी बरतें। पहाड़ी इलाकों में कोहरा बढ़ सकता है, ऐसे में ड्राइवरों को खास सतर्कता के साथ यात्रा करने की हिदायत दी गई है। मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश के सभी जिलों में इस माह बारिश का अभाव रहेगा। बारिश न होने के बावजूद ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। पश्चिमी विक्षोभों की कमी और शुष्क हवाओं के चलते तापमान में यह गिरावट दर्ज हो रही है। सुबह-शाम ठिठुरन लगातार बढ़ रही है। बुधवार रात से गुरुवार सुबह तक राज्य में 25 स्थानों पर न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम दर्ज किया गया है। कुकुमसेरी, ताबो व केलांग का न्यूनतम पारा माइनस में दर्ज किया गया है। सुंदरनगर में घना व बिलासपुर में मध्यम कोहरा दर्ज किया गया है।
कहां कितना तापमान
शिमला में न्यूनतम तापमान 8.6, सुंदरनगर 4.7, भुंतर 4.6, कल्पा 1.8, धर्मशाला 7.5, ऊना 8.4, नाहन 9.1, केलांग -1.1, पालमपुर 5.5, सोलन 6.2, मनाली 4.1, कांगड़ा 7.4, मंडी 8.3, बिलासपुर 10.5, हमीरपुर 9.1, जुब्बड़हट्टी 9.0, कुफरी 8.8, कुकुमसेरी -3.0, नारकंडा 6.1, भरमौर 9.0, रिकांगपिओ 4.0 , सेऊबाग 3.0, बरठीं 9.1, कसौली 10.7, सराहन 5.6, ताबो -2.6 व बजौरा में 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उधर, बुधवार को ऊना में अधिकतम तापमान 27.0, हमीरपुर में 26.3, नाहन में 26.6, सोलन में 24.0, कांगड़ा में 25.4, मंडी में 23.6, धर्मशाला में 22.0, शिमला में 18.8, मनाली में 17.6 और केलांग में 14.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
Discover more from The Insight Mirror
Subscribe to get the latest posts sent to your email.