शिमला | ठियोग विधानसभा क्षेत्र से पूर्व भाजपा प्रत्याशी अजय श्याम की मुश्किलें बढ़ गई हैं। ठियोग के क्यारा में एक स्कूल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान दिए गए विवादित बयान पर उनके खिलाफ कुमारसैन थाना में केस दर्ज हो गया है। एफआईआर शिमला निवासी अतुल शर्मा द्वारा पुलिस अधीक्षक शिमला को भेजी गई लिखित शिकायत के आधार पर दर्ज की गई। शिकायतकर्ता अतुल शर्मा ने आरोप लगाया है कि 14 नवंबर, 2025 को क्यारा में एक स्कूल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अजय श्याम ने ब्राह्मण समुदाय, पंडितों की धार्मिक परंपराओं और मान्यताओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी की। शिकायत के अनुसार, अपने भाषण में उन्होंने पुनर्जन्म, श्राद्ध और पितरों को समर्पित बिस्तर देने जैसी पारंपरिक रीति-रिवाजों पर टिप्पणी की थी। यह भाषण उस वक्त दिया गया, जब स्कूल में बच्चे मौजूद थे, जिसके कारण नाबालिगों पर गलत प्रभाव पडऩे की आशंका जताई गई है। अतुल शर्मा ने इसे घृणास्पद भाषण बताते हुए कहा कि अजय श्याम द्वारा दिए गए बयान से ब्राह्मण समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं और यह समुदाय विशेष के प्रति वैमनस्य फैलाने वाला प्रयास प्रतीत होता है।
शिकायत में कहा गया है कि बयान सार्वजनिक मंच से जानबूझकर दिया गया और इसका वीडियो प्रमाण भी मौजूद है। शिकायतकर्ता ने इसे सांस्कृतिक आपातस्थिति बताते हुए कठोर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों का हवाला देते हुए कहा कि ऐसे मामलों में पुलिस का एफआईआर दर्ज करना संवैधानिक दायित्व है। अजय श्याम पिछले विधानसभा चुनाव में ठियोग विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के प्रत्याशी रह चुके हैं। हालांकि चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। पुलिस ने शिकायत और साथ में भेजे गए वीडियो साक्ष्यों की जांच के बाद पाया कि मामला भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 299, 352, 353(1) और 196(1) के अंतर्गत दंडनीय अपराध बनता है। इसी आधार पर थाना कुमारसैन में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपों की गहन जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई इसी जांच के आधार पर तय होगी।
Discover more from The Insight Mirror
Subscribe to get the latest posts sent to your email.