शिमला | प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नव नियुक्त अध्यक्ष विनय कुमार 30 नवंबर रविवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में अपना नया पदभार ग्रहण करेंगे। इस दौरान प्रदेश मामलों की प्रभारी सांसद रजनी पाटिल, सह प्रभारी चेतन चौहान और विदित चौधरी विशेष तौर पर उपस्थित रहेंगी। इस कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, प्रदेश मंत्रिमंडल के सभी सदस्य, कांग्रेस के सभी विधायक, पूर्व विधायक, बोर्डो निगमों के अध्यक्ष उपाध्यक्षों सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता पार्टी के सभी पूर्व पदाधिकारी व प्रदेशभर से बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद होंगे।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव ने पार्टी के सभी नेताओं अग्रणी संगठनों युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, सेवादल, एनएसयूआई सभी विभागों के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से आग्रह किया है कि वह 30 नवंबर रविवार को सुबह 10 बजे प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में पहुंच कर नव नियुक्त प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार के इस पदभार समारोह का हिस्सा बन कर इन ऐतिहासिक पलो के गवाह बनें। 26 नवंबर से तपोवन धर्मशाला में विधानसभा का शीतकालीन सत्र शुरू हो रहा है। लेकिन नये अध्यक्ष के पदभार ग्रहण कार्यक्रम के लिए सभी मंत्रियों और कांग्रेस विधायकों को शिमला आना होगा। इस कार्यक्रम के बाद फिर धर्मशाला रवाना होना पड़ेगा क्योंकि सत्र 5 दिसंबर तक है।
हर ब्लाक तक जाऊंगा, अब बूथ पर काम करने की जरूरत : विनय कुमार
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के पद पर नियुक्ति के बाद कांग्रेस हाईकमान के नेताओं से मिलने दिल्ली गए नवनियुक्त अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि वह इस भरोसे के लिए सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, मल्लिकार्जुन खडग़े, केसी वेणुगोपाल के अलावा हिमाचल कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल और मुख्यमंत्री के साथ उपमुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हैं। प्रदेश अध्यक्ष का पद गरिमा का पद है और वह इसे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाएंगे। प्रदेश में सरकार और संगठन के बीच कड़ी का काम करना उनका लक्ष्य है और वह इस जिम्मेदारी में कांग्रेस के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के साथ ब्लॉक लेवल तक तो संगठन बनेगा ही, लेकिन अब बूथ स्तर पर काम करने की जरूरत है।
वह खुद पूरे प्रदेश का दौरा करेंगे और लोगों की भावनाओं को समझेंगे। जहां तक विपक्षी दल भाजपा की बात है तो उन्हें हमसे डरने की जरूरत नहीं है। हिमाचल बीजेपी में जितने गुट बन गए हैं, वो खुद को संभाल लें, वही काफी है। जहां तक आगामी पंचायत चुनाव की बात है तो पंचायती राज चुनाव की 80 फ़ीसदी सीटें कांग्रेस जीत कर आएगी।
Discover more from The Insight Mirror
Subscribe to get the latest posts sent to your email.