नई दिल्ली | पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मंगलवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से दिल्ली में उनके कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की। उन्होंने बिहार चुनाव में भाजपा और एनडीए की जीत पर अमित शाह को बधाई दी। इस दौरान उन्होंने हिमाचल प्रदेश की मौजूदा परिस्थितियों और आपदा राहत कार्यों की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की।जयराम ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से भी मुलाकात की और बिहार चुनाव में जीत पर शुभकामनाएं दीं। मीडिया से बातचीत में जयराम ने आरोप लगाया कि हिमाचल सरकार आपदा राहत कार्यों में पूरी तरह विफल रही है। जिन क्षेत्रों में सड़कें टूटी थीं, वह अब भी टूटी पड़ी हैं। कई जगह बिजली और पानी की आपूर्ति स्थायी रूप से बहाल नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि सर्द मौसम में स्थायी इंतजामों से काम नहीं चलेगा। उन्होंने सुक्खू सरकार को दिशाहीन बताया। कहा कि सरकार बिना दूरदर्शिता के फैसले लेती है और लगातार बदलाव करती रहती है। जयराम ने हाल ही में ऊना और सोलन जिलों में हुई गोलीबारी और हत्या की घटनाओं को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपराध रोकने के बजाय पत्रकारों पर दबाव बनाने में जुटी है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि प्रदेश में लगातार हो रही आपराधिक वारदातों, महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध और कानून-व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति पर सरकार पूरी तरह असफल है। पंचायत चुनावों को लेकर भी उन्होंने सरकार पर सवाल उठाए। जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार डिजास्टर मैनेजमेंट एक्ट का बहाना बनाकर पंचायत चुनाव रोकना चाहती है। जबकि पुनर्सीमांकन और रोस्टर को लेकर राज्य चुनाव आयोग के निर्देशों की लगातार अनदेखी की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि पंचायतों के कार्यकाल के पूरा होने से ठीक पहले सरकार ने जल्दबाजी में पुनर्सीमांकन का फैसला लिया, जिसकी नीयत साफ नहीं दिखती। उन्होंने कहा कि यह पहली बार है जब सरकार ने आचार संहिता लागू होने के बाद भी कैबिनेट के माध्यम से आदेश जारी किए। जयराम ठाकुर ने कहा कि बुधवार से शुरू हो रहे विधानसभा सत्र में भाजपा सरकार को हर मोर्चे पर घेरेगी और उसकी हर नाकामी का हिसाब मांगेगी।
Discover more from The Insight Mirror
Subscribe to get the latest posts sent to your email.