शिमला | श्यामला ट्रस्ट द्वारा गेयटी थियेटर में आयोजित लोक माता अहिल्याबाई होलकर मातृ नमन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि यह कार्यक्रम अपने आप में मातृवंदन है। मां के बिना तो हमारा अस्तित्व ही नहीं है। आज हम जो भी हैं, उसमें हमारी मां की सीख, संघर्ष और प्रेरणा का ही योगदान हैं। मां जीवन की वह शक्ति है, जो जन्म देती है, संवारती है और हर पल अपने बच्चे के भविष्य के लिए समर्पित रहती है। पहली गुरु बनकर बोलना सिखाती है, चलना सिखाती है और जीवन जीना सिखाती है। इस कार्यक्रम में हिमाचल की उन 25 माताओं को सम्मानित किया गया, जिन्होंने अपने संघर्ष और समर्पण के दम पर बच्चों को आगे बढ़ाया।
जयराम ठाकुर ने कहा कि यदि दुनिया को बेहतर बनाना है, तो माताओं का सम्मान, समर्थन और सशक्तिकरण आवश्यक है, क्योंकि हर महान व्यक्ति के व्यक्तित्व की जड़ में मां खड़ी होती है। इस कार्यक्रम में अपने संघर्ष और लगन से अपने बच्चों को आगे बढ़ाने वाली माताओं को उन्होंने सम्मानित किया। इस मौके पर उनके साथ वरिष्ठ टीवी पत्रकार रुबिका लियाकत, श्यामला ट्रस्ट के संरक्षक नितिन व्यास, अध्यक्ष सूरज जमालटा, सचिव ईशा शर्मा, वरिष्ठ भाजपा नेता व पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज आदि उपस्थित थे। उन्होंने कहा कि माताओं के बिना हम जीवन की कल्पना भी नहीं कर सकते हैं। माताएं जब ठान लेती हैं, तो उनकी राह में कोई भी बाधाएं नहीं आ सकती हैं।
सम्मानित होने वाली हर मां की एक कहानी है: रूबिका
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रूबिका लियाकत ने कहा कि यहां पर बैठे लोगों कि संघर्षों को सुन कर वह हैरान हैं। हर मां की एक कहानी है, जो संघर्षों से भरी है लेकिन उन संघर्षों के बीच उन्होंने अपने बच्चों के लिए नए रास्ते निकाले हैं। उन्होंने कहा कि माताएं अनवरत संघर्ष करती हैं, लेकिन वह संघर्ष उनके चेहरे पर कभी नजर नहीं आता है। उन्होंने कहा कि हमारी मां पहले है, लेकिन भारत माता उससे भी पहले है।
Discover more from The Insight Mirror
Subscribe to get the latest posts sent to your email.