Spread the love

शिमला/कुल्लू | हिमाचल प्रदेश में लंबे अरसे से बारिश और बर्फबारी का इंतजार हो रहा है लेकिन बारिश न होने से किसानों और बागवानों को निराशा हाथ लगी है। हिमाचल प्रदेश में गुरुवार को क्रिसमस के दिन भी बर्फबारी नहीं हुई। शिमला, कुफरी और मनाली जैसे विख्यात हिल स्टेशनों पर बर्फ की आस लगाए पहुंचे सैलानियों को निराशा हाथ लगी। पूरे प्रदेश में शुष्क मौसम का दौर जारी है और ठंडी हवाओं के बीच सूखी ठंड का असर बना हुआ है। मौसम साफ रहने के कारण दिन में धूप खिली रही, हालांकि ठंड का प्रकोप भी बना रहा। क्रिसमस पर बर्फबारी न होने के बावजूद शिमला और मनाली में पर्यटकों की अच्छी खासी भीड़ देखने को मिली। होटल, बाजार और पर्यटन स्थलों पर रौनक रही, लेकिन बर्फ न गिरने से सैलानियों की उम्मीदें पूरी नहीं हो सकीं। स्थानीय कारोबारियों का कहना है कि नए साल के आसपास अगर बर्फबारी होती है तो पर्यटन को और बढ़ावा मिल सकता है।

शिमला में आखिरी बार वर्ष 2016 में क्रिसमस पर बर्फबारी हुई थी। इस बार शिमला, कुफऱी व मनाली सहित राज्य के अन्य हिल स्टेशनों में मौसम की पहली बर्फबारी का इंतज़ार हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार 26 दिसंबर को राज्य के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी हो सकती है। हालांकि 27 से 29 दिसंबर तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने का अनुमान है। इसके बाद 30 और 31 दिसंबर को एक बार फिर ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी की संभावना जताई गई है। मैदानी और मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में इस दौरान मौसम शुष्क ही रहने की उम्मीद है।

जनजातिय क्षेत्रों में माईनस में तापमान

लाहौल-स्पीति और किन्नौर जैसे जनजातीय क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है और तापमान माइनस में बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार शिमला में आज न्यूनतम तापमान 8.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मनाली में न्यूनतम तापमान 1.9 डिग्री, कुफरी में 7.8 डिग्री और जुब्बड़हट्टी में 6.6 डिग्री सेल्सियस रहा। कल्पा में पारा शून्य से नीचे -0.2 डिग्री तक पहुंच गया, जबकि कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान -6.3 और ताबो में -4.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

ठंडी हवाओं के चलते बनी ठिठुरन

प्रदेश में औसतन न्यूनतम तापमान सामान्य से करीब 1 डिग्री ऊपर दर्ज किया गया है, लेकिन ठंडी हवाओं के चलते ठिठुरन बनी हुई है। मैदानी जिलों की बात करें तो ऊना में न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री, हमीरपुर में 3.9 डिग्री, बिलासपुर में 6.4 डिग्री, मंडी में 5.9 डिग्री, कांगड़ा में 5.4 डिग्री और सोलन में 1.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। नाहन में तापमान 8.0 डिग्री और पांवटा साहिब में 10.0 डिग्री सेल्सियस रहा।

26 से 29 तक घरे कोहरे की चेतावनी

मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के लिए अहम चेतावनी जारी की है। 26 से 29 दिसंबर तक राज्य के कई जिलों में घने कोहरे का असर रहने की संभावना जताई गई है। बिलासपुर जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि ऊना, हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी, सोलन और सिरमौर जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है। देर रात और तडक़े सुबह के समय घना कोहरा छाने की आशंका है, जिससे दृश्यता काफी कम हो सकती है। इसका असर सडक़ यातायात और रेल सेवाओं पर भी पड़ सकता है।


Discover more from The Insight Mirror

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Discover more from The Insight Mirror

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading