Spread the love

शिमला । मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि आपातकालीन सेवाओं को बेहतर बनाने और कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने के लिए 700 होम गार्ड की भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। इससे पहले मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बुधवार को शिमला के चौड़ा मैदान से 14 नए अग्निशमन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन वाहनों की खरीद पर 6.70 करोड़ रुपए व्यय किए गए हैं। ये वाहन जिला शिमला के प्रशिक्षण केंद्र बलदेयां, अग्निशामक केंद्र देहा, उबादेश, नेरवा और ठियोग, जिला मंडी के धर्मपुर और थुनाग, जिला लाहुल-स्पीति के काजा, जिला कांगड़ा के शाहपुर और इंदौरा तथा जिला हमीरपुर के नादौन अग्निशमन केंद्रों के लिए रवाना किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन अग्निशामक वाहनों को दूरदराज और घनी आबादी वाले क्षेत्रों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैनात किया गया है, ताकि आग लगने की घटनाओं पर समय पर काबू पाया जा सके। उन्होंने कहा कि बेड़े को और मजबूत बनाने के लिए अतिरिक्त अग्निशामक वाहनों की खरीद के लिए 25 करोड़ रुपए की राशि आबंटित की गई है।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार अग्निशमन सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध है और आवश्यकतानुसार वित्तीय सहायता उपलब्ध करवा रही है। वित्त वर्ष 2025-26 के लिए नए और उन्नत अग्निशमन केंद्रों के उपकरणों के लिए 4.24 करोड़ रुपये और नादौन व इंदौरा में विभागीय भवनों के निर्माण के लिए सात करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। इस अवसर पर विधायक हरीश जनारथा, हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एवं निदेशक अग्निशमन सेवाएं सतवंत अटवाल त्रिवेदी, एसपी एसडीआरएफ अर्जित सेन ठाकुर, मुख्य अग्निशमन अधिकारी संजीव कुमार और विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी इस अवसर पर उपस्थित थे।


Discover more from The Insight Mirror

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Discover more from The Insight Mirror

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading