शिमला । नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि सुखविंद्र सिंह सुक्खू की सरकार में अपराधी इतने बेलगाम हो गए हैं कि वे प्रदेश की छवि को धूमिल कर रहे हैं। प्रदेश के कोने-कोने से लेकर राजधानी तक हो रही घटनाएं बता रही हैं कि यहां कोई भी सुरक्षित नहीं है। न तो बच्चे और युवा, न ही बुजुर्ग और महिलाएं, कोई भी सुरक्षित नहीं। लोग न अपने घर-परिवार में सुरक्षित हैं और न ही बाजार में। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासनिक अधिकारी भी महिलाओं से दुष्कर्म जैसे मामलों में फरार घूम रहे हैं। ऐसी घटनाएं इसलिए हो रही हैं क्योंकि पुलिस अपने राजनीतिक आकाओं को खुश करने का टूल बनकर रह गई है।
उन्होंने कहा कि हिमाचल पुलिस चर्चा में अंतिम बार तब आई थी, जब एचपीपीसीएल के चीफ इंजीनियर विमल नेगी की मौत की जांच को सीबीआई को न सौंपने के लिए सरकार ने अड़ियल रवैया अपनाया। उस वक्त डीजीपी, एसपी, एजी और सीएस ने एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाए थे। चंबा में मनोहर हत्या कांड भी सीएम द्वारा हिंदुत्व को हराने को लेकर दिए गए बयान की परिणति है।