शिमला | पहाड़ों की रानी शिमला सैलानियों से एक बार फिर गुलजार हो गई है। वीकेंड पर दूसरे शनिवार और रविवार की छुट्टी के चलते सैलानियों की शनिवार को शिमला शहर में खूब भीड़ रही। शहर के मालरोड और रिज मैदान पर शनिवार दोपहर बाद से ही पर्यटकों की भीड़ उमड़ना शुरू हो गई थी। शाम चार बजे तक यहां पर तिल धरने को जगह नहीं बची थी। दिल्ली, चंडीगढ़, पंजाब, हरियाणा, अंबाला और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पर्यटक वीकेंड पर शिमला आए हैं। बर्फ की उम्मीद और ठंडी हवाओं का लुत्फ उठाने के लिए पर्यटकों ने मालरोड, रिज, कुफरी और नालदेहरा पर्यटन स्थलों का रुख किया।
होटल एसोसिएशन के उपाध्यक्ष प्रिंस कुकरेजा ने बताया कि वीकेंड में करीब 40 फीसदी होटल भरे रहे। आने वाले दिनों में यह संख्या और बढ़ने की संभावना है। अब विंटर सीजन शुरू हो चुका है और कई राज्यों में छुट्टियां भी होने वाली हैं। ऐसे में पर्यटन को पंख लगने के आसार हैं। दूसरी ओर पर्यटकों की बढ़ती संख्या के कारण शहर के कई इलाकों में ट्रैफिक जाम की स्थिति भी बनी रही। खासकर बैम्लोई, टाॅलैंड और विक्ट्री टनल क्षेत्र में घंटों तक वाहन रेंगते हुए चले। स्थानीय पुलिस प्रशासन को यातायात व्यवस्था संभालने में खासी मशक्कत करनी पड़ी। लोग आधे घंट तक जाम में फंसे रहे।
पिछले काफी समय से आपदा और बारिश के कारण पर्यटक शिमला घूमने नहीं आ पाए थे। अब मनाली, अटल टनल में बर्फ पड़ने के बाद पर्यटकों ने हिमाचल आना शुरू कर दिया है। ऐसे में जो आसपास के राज्यों के पर्यटक हैं, वह शिमला को ज्यादा तरजीह दे रहे हैं।
Discover more from The Insight Mirror
Subscribe to get the latest posts sent to your email.