Spread the love

शिमला/कुल्लू | हिमाचल प्रदेश में अब सर्दी ने धीरे-धीरे अपने रंग दिखाने शुरू कर दिए हैं। राज्य के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान लगातार गिर रहा है, जबकि मैदानी इलाकों में अभी भी हल्की गर्मी महसूस की जा रही है। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले हफ्ते यानी 14 नवंबर से 19 नवंबर तक पूरे हिमाचल में मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा और कहीं भी बारिश या बर्फबारी की संभावना नहीं है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला से मिली जानकारी के अनुसार, राज्य में बीते 24 घंटों के दौरान ताबो सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान -7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे अधिक तापमान पांवटा साहिब में 29 डिग्री सेल्सियस रेकॉर्ड हुआ। यानी दिन और रात के तापमान में बड़ा अंतर देखने को मिल रहा है। पश्चिमी विक्षोभ फिलहाल कश्मीर और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय है, लेकिन हिमाचल पर इसका खास असर नहीं पड़ेगा। राज्य के सभी 12 जिलों शिमला, कुल्लू, मनाली, किन्नौर, लाहौल-स्पीति, सिरमौर, मंडी, सोलन, कांगड़ा, चंबा, बिलासपुर और ऊना में अगले हफ्ते तक मौसम साफ रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग के मुताबिक राज्य में न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 से 5 डिग्री नीचे बना हुआ है, जिससे सुबह और शाम के समय ठंडक बढ़ गई है। बिलासपुर में हल्का कोहरा दर्ज किया गया, जबकि ऊंचाई वाले इलाकों में सर्द हवाएं लोगों को ठिठुराने लगी हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले हफ्ते में अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, पर न्यूनतम तापमान धीरे-धीरे गिर सकता है। इससे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ठंड और तेज महसूस होगी, जबकि मैदानी इलाकों में सुबह-शाम की ठिठुरन बढ़ेगी। अगले हफ्ते के लिए मौसम विभाग की एडवाइजरी स्पष्ट है कोई चेतावनी नहीं, कोई बारिश नहीं, सिर्फ ठंडी हवाओं और साफ आसमान का साथ मिलेगा।

बता दें कि लाहौल-स्पीति की सडक़ों पर रात के समय माइनस तापमान के बीच ब्लैक आइस जम रही है। यहां सुबह और शाम के समय वाहनों की आवाजाही जोखिम भरी हो गई है। जिला प्रशासन ने मनाली-लेह, कोकसर-काजा, कोकसर-रोहतांग और तांदी-किलाड़ मार्गों पर विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। गुरुवार को शिमला सहित प्रदेश भर में धूप खिली रही। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार पूरे प्रदेश में 19 नवंबर तक मौस साफ बना रहने का पूर्वानुमान है।

कहां पर कितना न्यूनतम तापमान

शिमला में न्यूनतम तापमान 8.2, सुंदरनगर 4.5, भुंतर 3.5, कल्पा -0.4, धर्मशाला 9.4, ऊना 8.0, नाहन 9.5, केलांग -3.3, पालमपुर 5.5, सोलन 2.6, मनाली 2.5, कांगड़ा 6.5, मंडी 6.3, बिलासपुर 8.5, हमीरपुर 5.6, कुफरी 4.7, कुकुमसेरी -3.1, नारकंडा 2.6, भरमौर 4.7, रिकांगपिओ 2.2, सेऊबाग 2.0, बरठीं 7.0, कसौली 10.9, सराहन 8.0, देहरा गोपीपुर 9.0, ताबो -7.4 व बजौरा में 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।


Discover more from The Insight Mirror

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Discover more from The Insight Mirror

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading